- |
शिवपुरी |
शिवपुरी के फतेहपुर रोड निवासी राजवीर राठौर की आज स्वयं की टोस्ट फैक्ट्री है और सफलतापूर्वक वह इसका संचालन कर रहे है, न केवल शिवपुरी जिले बल्कि आसपास के जिलों में भी माल सप्लाई किया जा रहा है। पहले राजवीर ठेले पर गजक, कुल्फी बेचने का काम करते थे। उनकी परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर थी। एक दिन राजवीर को स्वरोजगार योजना के बारे में पता चला, तब जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में जाकर संपर्क किया। उसने बताया कि वह दुग्ध डेयरी का व्यवसाय करता है और हाथ ठेला लगाकर कुल्फी बेचता है और सर्दियों के मौसम में गजक बेचता है। जिससे परिवार का भरण पोषण कर रहा है। जिला उद्योग केन्द्र से उसे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की जानकारी मिली और यह जानकारी उसके लिए लाभदायक साबित हुई। उसे लगभग 16 लाख रूपए की राशि मिली। जिसमें 4 लाख रूपए की मार्जिन मनी विभाग द्वारा बैंक को प्रदान की गई। ऋण के रूप में मिली धनराशि उसके लिए सहायता राशि बन गई। उसने आवश्यक उपकरण आदि लगाकर टोस्ट निर्माण यूनिट लगाई और यह सफल साबित हुई। आज शिवपुरी व आसपास के क्षेत्रों खनियांधाना, रन्नौद, कराहल आदि जगहों पर भी टोस्ट भेजे जाते है। इस उद्योग को स्थापित करने से राजवीर को लाभ मिला। साथ ही साथ अन्य बेरोजगार लोगों को भी रोजगार मिल रहा है। उनकी यूनिट में प्रतिमाह लगभग 120 क्विंटल का उत्पादन हो रहा है। लगभग 95 हजार रूपए की मासिक आय हो रही है। राजवीर का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से इतनी धनराशि न मिलती तो शायद उद्योग स्थापित करना कठिन हो जाता। परन्तु योजना के तहत मिली धनराशि से उद्योग बड़ी आसानी से स्थापित हो गया है और सफलतापूर्वक संचालन हो रहा है। परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है। |
Social Plugin