
इटारसी मे आयोजित राज्य स्तरीय अंतर जिला हांकी प्रतियोगिता में परचम फहराने वाली जिले की हांकी टीम को कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल ने हांकी, प्रतीक चिन्ह एवं माल्यार्पण कर जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय परिसर में सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर कोच शेख सलीम, जिला युवक एवं खेल कल्याण अधिकारी रविन्द्र हार्डिया, वालीवाल संघ के सचिव संतोष सिंह, अनिल सिंह, वरिष्ठ खिलाड़ी आरिफ खान, सुनील नाहर, कृष्णा झारिया, जिला खेल एवं युवा प्रशिक्षक, दैनिक जनदुनिया के संपादक संतोष गुप्ता तथा जिला खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि प्रतिभाएं संसाधन की मोहताज नही होती। समय आने पर वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने से नही चूंकती। उमरिया जिले की नवोदित हांकी टीम ने राज्य स्तरीय अंतर जिला हांकी प्रतियोगिता जीत कर पूरे प्रदेश के सामने अपना लोहा मनवाया है। उन्होनें कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं को हर संभव संसाधन उपलब्ध करानें की जिला प्रशासन की प्राथमिकता होगी। यह भी प्रयास किए जायेगे कि जिले के हांकी खिलाडियो को एस्ट्रोटर्फ मैदान मिल सके। आपने कहा कि जल्द ही इनके अभ्यास के लिए खेल मैदान उपलब्ध करा दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल ने कहा कि हांकी खेल उमरिया का इतिहास रहा है। यहां से कई खेल प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया है। आपने कहा कि वर्तमान में हांकी के खेल में काफी बदलाव हुए है। अब हांकी एस्ट्रोटर्फ मैदान मे खेली जाती है लेकिन जिले के युवा खिलाड़ियों ने धूल मिट्टी में अभ्यास कर जिस प्रतिभा का प्रदर्शन किया है वह अत्यंत सराहनीय है। जिला प्रशासन सदैव सहयोग के लिए उपलब्ध रहेगा। उन्होने कहा कि खेल प्रतिभाओ को आगें बढ़ाना हम सबका दायित्व ही नही कर्तव्य भी है।
जिला खेल एवं युवक कल्याण अधिकारी रविन्द्र हार्डिया ने कहा कि एक छोटे से जिले में जहां संसाधनों का अभाव है वहां से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का आगें निकलना उनकी प्रतिभा को प्रदर्शित करता है। कार्यक्रम में कोच शेख सलीम ने प्रतियोगिता के अनुभवों से अवगत कराया तथा कहा कि हमारे खिलाड़ी कम उम्र एवं कम अनुभव के बावजूद जिस प्रतिभा का प्रदर्शन किया है उसकी छाप पूरे प्रदेश में पड़ी है। हम सबका प्रयास होगा कि इन खिलाडियो में से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकले। जिला वालीवाल संघ के सचिव संतोष सिंह ने कहा कि खेल के क्षेत्र में उमरिया का सदैव नाम आगें रहा है और आगें भी यह प्रयास होगा कि और अधिक संख्या में खिलाड़ी निखर कर सामने आए। कार्यक्रम का संचालन जिला खेल प्रशिक्षक कृष्णा झारिया ने किया।
राज्य स्तरीय हांकी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीम के कप्तान शिवम सोधिंया, सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तुषार सिंह, राहुल बर्मन, जावेद खान, विवेक मोगरे, साकिब अंसारी, राजा भैया, सोहेल अंसारी, अजय यादव, शाहिद खान, ओम सोधिंया, करन तोमर, समीम अंसारी, अमन मिश्रा, मोहिल साकेत, अनुराग राय, जितेंद्र सोधियां, कमलेश सोधिंया, साकिब अंसारी, अजीत सिंह, आयुष सेन तथा सुनील नाहर का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया गया।
Social Plugin